
कोरोना वायरस के मामले 3,700 पार, फ्लू और कोविड के लक्षणों में कैसे पहचानें अंतर?
क्या है खबर?
देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 685 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,758 पर पहुंच गई है।
केरल में सबसे ज्यादा 1,336 मामले हैं। वहीं, महाराष्ट्र में 749 और दिल्ली में 375 सक्रिय मामले हैं।
कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 28 हो गई है। बीते 24 घंटे में 6 लोगों की मौत हुई है।
सक्रिय मामले
8 राज्यों में संक्रमितों की संख्या 100 से ज्यादा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 8 राज्य ऐसे हैं, जहां सक्रिय मामलों की संख्या 100 से ज्यादा हो गई है।
फिलहाल केरल में 1,336, महाराष्ट्र में 467, दिल्ली में 375, गुजरात में 265, कर्नाटक में 234, तमिलनाडु में 185, पश्चिम बंगाल में 205 और उत्तर प्रदेश में 117 संक्रमित हैं।
महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा 7 लोगों की मौत हुई है। केरल में 6 लोगों की जान गई है।
कर्नाटक
कर्नाटक में वैक्सीन लगाए बुजुर्ग की मौत
बेंगलुरु में 63 साल के कोरोना संक्रमित की मौत हो गई है। उसने वैक्सीन के दोनों डोज के साथ बूस्टर डोज भी लगवा रखा था।
बढ़ते मामलों के बीच कर्नाटक सरकार ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई है।
कोरोना वायरस जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने को कहा गया है।
तैयारियां
9 दिन में 1,300 प्रतिशत बढ़े मामले
22 मई को देश में कोरोना के 257 सक्रिय मामले थे, जो अब बढ़कर 3758 पर पहुंच गए हैं। यानी 9 दिन में सक्रिय मामलों में 1,300 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है।
पश्चिम बंगाल में एक विदेशी राजनयिक भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि ज्यादातर मरीजों में गंभीर लक्षण नहीं है और वे घर पर ही इलाज करा रहा हैं।
वजह
क्यों बढ़ रहे हैं मामले?
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने कहा है कि भारत में कोविड के मामलों में उछाल का कारण ओमिक्रॉन के उप-वेरिएंट हैं।
ICMR प्रमुख डॉक्टर राजीव बहल ने कहा, "ये वेरिएंट LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 हैं, जिनमें से पहले 3 अधिक प्रचलित हैं।कोविड-19 के मामलों में वृद्धि दक्षिण से शुरू होकर पश्चिम और अब उत्तर भारत तक पहुंच गई है। इन सभी मामलों की निगरानी एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के माध्यम से की जा रही है।"
लक्षण
कोरोना और फ्लू के लक्षणों में कैसे पहचानें अंतर?
इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, दिल्ली के आंतरिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ सुरनजीत चटर्जी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "सबसे बड़ा अंतर ऑक्सीजन संतृप्ति में गिरावट है। फ्लू की तुलना में कोविड-19 में ऑक्सीजन का स्तर बहुत तेजी से गिरता है। कोविड-19 कुछ लोगों में फ्लू की तुलना में अधिक गंभीर लक्षण पैदा कर सकता है। फ्लू के कारण संक्रमण के लक्षण 1-4 दिन बाद दिखाई दे सकते हैं। फ्लू के मामलों में बीमारी जल्दी ठीक हो जाती है।"