Page Loader
रायबरेलीः कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर हमला, तीन गाड़ियां पलटी

रायबरेलीः कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर हमला, तीन गाड़ियां पलटी

May 14, 2019
02:45 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर कथित तौर पर हमला किया गया है। इस हमले में उनकी गाड़ी पलट गई और उन्हेें काफी चोट आई है। अदिति को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में हुआ। अदिति की गाड़ी के अलावा काफिले में शामिल तीन अन्य कारें भी पलट गई हैं। बताया जा रहा है कि दबंगों ने अदिति की गाड़ी पर फायरिंग भी की।

मामला

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हो रही थी। अवधेश सिंह रायबरेली से भाजपा उम्मीदवार दिनेश सिंह के भाई हैं। कहा जा रहा है कि इस प्रस्ताव की अगुवाई कर रहे राकेश सिंह का दबंगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्होंने अदिति सिंह की गाड़ी का पीछा किया। आरोप है कि कई दूसरे जिला पंचायत सदस्यों की गाड़ी पर पत्थरबाजी और हमला किया गया है।

जानकारी

रायबरेली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को देखते हुए रायबरेली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दूसरे जिलों से भी पुलिस बल को बुलाया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर रवाना हो गए।

परिचय

बाहुबली नेता की बेटी हैं अदिति

अदिति सिंह रायबरेली से निर्दलीय विधायक रहे बाहुबली अखिलेश सिंह की बेटी है। अपने खराब स्वास्थ्य की वजह से उन्होंने अदिति को राजनीति में उतारा है। अदिति की शिक्षा मसूरी, दिल्ली और अमेरिका में हुई है। गांधी परिवार की करीबी मानी जाने वाली 29 वर्षीय अदिति पहली बार विधायक बनी हैं। सोशल मीडिया पर अदिति की राहुल से शादी करने की अफवाह भी वायरल हुई थी।