अमेरिकी संसद पर धावे के वक्त तिरंगा लहराने वाले व्यक्ति के खिलाफ दिल्ली में शिकायत दर्ज

अमेरिकी संसद के बाहर प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहरा रहे विन्सेंट जेवियर पथालिंगल शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के कालकाजी पुलिस थाने में विन्सेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। दरअसल, अमेरिकी संसद के बाहर प्रदर्शन और इमारत के भीतर मचे उत्पात के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक शख्स को तिरंगा लिए देखा गया था। आइये, पूरी खबर जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जो शख्स तिरंगा लिए नजर आ रहा है उसका नाम विन्सेंट जेवियर पलाथिंगल है। पिछले लगभग 30 सालों से अमेरिका में रहने वाले विन्सेंट की जड़े केरल के कोच्चि से जुड़ी हुई हैं। पेश से इंजीनियर विन्सेंट ट्रंप के प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उनके साथ भारतीय मूल के 10 अन्य लोग भी प्रदर्शन में पहुंचे थे। इस दौरान तिरंगा लहराते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था।
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए पूछा था कि इस प्रदर्शन में भारतीय तिरंगा कैसे पहुंच गया? यह ऐसी लड़ाई है, जिसमें भारतीयों को भाग लेने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
Why is there an Indian flag there??? This is one fight we definitely don’t need to participate in... pic.twitter.com/1dP2KtgHvf
— Varun Gandhi (@varungandhi80) January 7, 2021
वीडियो वायरल होने के बाद वॉशिंगटन से TOI से बात करते हुए विन्सेट ने बताया था कि वो ट्रंप के प्रति भारतीय अमेरिकियों का समर्थन दिखाने के लिए प्रदर्शन में गए थे और संसद की इमारत में घुसी भीड़ में शामिल नहीं थे। उन्होंने कहा कि कोरियाई, भारतीय और ईरानी आदि मूल के सभी अमेरिकी देशभक्त, जिन्हें लगता है कि चुनाव में धांधली हुई है, ट्रंप के प्रति समर्थन दिखाने के लिए प्रदर्शन में गए थे।
रिपब्लिकन पार्टी की सेंट्रल कमेटी के हिस्सा रहे विन्सेंट ने कहा, "मेरे पास तिरंगा था तो मैं इसके साथ चला गया। मैंने वहां पाकिस्तानी झंडा भी देखा था। हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे।" उन्होंने कहा कि वो इमारत से दूर खड़े थे।
विन्सेंट ने प्रदर्शनकारियों के बारे में संदेह जताते हुए कहा कि वो धुर वामपंथी लोग हो सकते हैं, जिन्होंने यह हुड़दंग मचाया। अभी उनकी पहचान होना बाकी है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे विरोधी रैली में घुस आए और मुश्किलें खड़ी कीं। लगभग 50 लोग, जो दीवार फांदकर इमारत में घुसे हैं, वो प्रशिक्षित गुंडे लग रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि वो रिपब्लिकन होंगे। मैं रिपब्लिकन को जानता हूं। वो ऐसा बर्ताव नहीं करेंगे।"