
झारखंड के गिरिडीह में होली जुलूस के दौरान हिंसा; कई घायल, दुकानों में लगाई आग
क्या है खबर?
14 मार्च को देशभर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, लेकिन झारखंड के गिरिडीह जिले में इस दौरान 2 समूहों के बीच झड़प हो गई।
इस झड़प में कई लोग घायल हो गए और वाहनों-दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। जमकर पत्थरबाजी भी हुई। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ा। देर रात के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
फिलहाल हालात काबू में हैं और पुलिस बल तैनात है।
हिंसा
कैसे भड़की हिंसा?
हिंसा शुरू होने की साफ वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि घोड़थंभा इलाके में होली का जुलूस निकल रहा था, जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया।
इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी होने लगी और देखते ही देखते कम से कम 3 दुकानों और कुछ वाहनों को आग लगा दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
हालात
अभी कैसे हैं हालात?
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक (SP) विमल कुमार ने कहा, "अभी स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। हम चिह्नित कर रहे हैं कि इसमें कौन-कौन शामिल थे। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
उप विकास आयुक्त (DDC) स्मिता कुमारी ने कहा, "कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा कानून-व्यवस्था खराब करने की कोशिश की गई थी, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। कुछ अज्ञात लोगों द्वारा वाहनों को जलाया गया है। कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।"
पटना
पटना में भी पत्थरबाजी, पुलिस पर हमला
बिहार के पटना में भी होली पर उपद्रव की खबर है। यहां के सहनौरा गांव में होलिका दहन को लेकर 2 पक्षों में झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि एक पक्ष सड़क पर होलिका दहन कर रहा था, जिसका दूसरा पक्ष विरोध कर रहा था।
दोपहर करीब एक बजे दोनों पक्षों में जमकर पत्थर चले। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो पुलिस पर भी पत्थरबाजी हुई।
यहां कई लोगों के घायल होने की खबर है।
पंजाब
पंजाब में भी हिंसा, मस्जिद के शीशे टूटे
पंजाब के लुधियाना की मियां मार्केट में भी 2 समुदायों के बीच हिंसा हुई।
यहां दोनों पक्षों में पत्थरबाजी में एक बच्चे समेत 11 लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि मस्जिद में नमाज अदा करते वक्त कुछ शरारती तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
फिलहाल स्थिति काबू में है और पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है।