E20 पेट्रोल विवाद: नितिन गडकरी बोले- आम लोग नहीं कर सकते सही माइलेज की जांच
क्या है खबर?
E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में छिड़े विवाद के बीच सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि आम कार मालिक अपने वाहन के माइलेज की खुद से सही जांच नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि आधिकारिक डीलरशिप पर उपलब्ध मशीन से ही माइलेज की सही जांच संभव है। उनका ये बयान ऐसे वक्त सामने आया है, जब E20 पेट्रोल से वाहनों का माइलेज प्रभावित होने की चर्चाएं हैं।
बयान
गडकरी बोले- हम और आप नहीं माप सकते सही माइलेज
ABP न्यूज के एक पत्रकार ने गडकरी से पूछा, "मेरे पास 2023 मॉडल कार है, जो E20 मानकों के अनुरूप है। पहले इसका माइलेज 11 किलोमीटर प्रति लीटर था, जो अब 7 पर आ गया है।"
इस पर गडकरी ने पूछा कि माइलेज कैसे नापा, तो पत्रकार ने कहा कि डैशबोर्ड पर आता है।
तब गडकरी ने कहा, "आप और मैं माइलेज की जांच नहीं कर सकते। ये केवल अधिकृत डीलर की मशीन से ही जांचा जा सकता है।"
सरकार
मंत्रालय ने खुद स्वीकारा- कम हो सकता है माइलेज
हाल ही में पेट्रोलियम मंत्रालय ने खुद स्वीकार किया था कि E20 पेट्रोल से कुछ वाहनों का माइलेज 3-5 प्रतिशत तक कम हो सकता है।
मंत्रालय ने कहा, "यह सच है कि कुछ वाहनों में माइलेज में 3-5 प्रतिशत की कमी हो सकती है, लेकिन ये केवल एक मापदंड है।"
बता दें कि सरकार ने 1 अप्रैल से देशभर में E20 पेट्रोल की बिक्री अनिवार्य कर दी है। इसे लेकर विरोध भी देखने को मिल रहा है।