जियो प्लेटफॉर्म्स के नए CEO बने पंकज पवार, IPO से पहले बड़ा बदलाव
क्या है खबर?
जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने प्रस्तावित IPO से पहले बड़ा प्रबंधन बदलाव किया है। कंपनी ने किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। कंपनी के ड्राफ्ट IPO दस्तावेज के अनुसार, किरण थॉमस ने 23 मार्च को CEO पद से इस्तीफा दे दिया था। पवार फिलहाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम के प्रबंध निदेशक भी हैं और लंबे समय से रिलायंस समूह से जुड़े हुए हैं। उन्हें दूरसंचार और डिजिटल कारोबार का लंबा अनुभव है।
परिचय
रिलायंस समूह में निभा चुके हैं कई बड़ी जिम्मेदारियां
कंपनी के अनुसार, 53 वर्षीय पवार वर्ष 2000 से रिलायंस समूह के साथ काम कर रहे हैं।
उन्हें दूरसंचार, डिजिटल सेवाओं और बड़े उपभोक्ता कारोबार को विकसित करने का करीब तीन दशक का अनुभव है।
वहीं, किरण थॉमस का नाम अब उन प्रमुख अधिकारियों की सूची में शामिल नहीं है, जो कंपनी के रोजमर्रा के संचालन की जिम्मेदारी संभालते हैं। हालांकि, वह पहले कंपनी के प्रमुख अधिकारियों में गिने जाते रहे हैं।
लक्ष्य
IPO से जुटाए जाएंगे 380 अरब रुपये
जियो प्लेटफॉर्म्स इस IPO के जरिए करीब 4 अरब डॉलर (लगभग 380 अरब रुपये) जुटाने की योजना बना रही है।
इसके लिए कंपनी 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। अगर यह IPO सफल रहता है, तो यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।
कंपनी की संभावित वैल्यू करीब 137 अरब डॉलर (लगभग 13,000 अरब रुपये) आंकी गई है और कीमत बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए तय की जाएगी।
मजबूती
डिजिटल कारोबार को मिलेगी नई मजबूती
जियो प्लेटफॉर्म्स का कारोबार दूरसंचार, डिजिटल सेवाओं, एंटरप्राइज समाधान और नई तकनीकों तक फैला हुआ है।
कंपनी की टेलीकॉम इकाई रिलायंस जियो इन्फोकॉम वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनियों में शामिल है। कंपनी में पहले से मेटा, गूगल, KKR, सिल्वर लेक और जनरल अटलांटिक जैसे बड़े निवेशक निवेश कर चुके हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज इस IPO के जरिए अपने डिजिटल कारोबार की वैल्यू को और मजबूत करना चाहती है।