Page Loader
छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों ने मतदान केंद्र के पास गोलीबारी की, जवानों ने लिया मोर्चा
छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान चल रहा है (तस्वीर: एक्स/@ECISVEEP)

छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों ने मतदान केंद्र के पास गोलीबारी की, जवानों ने लिया मोर्चा

लेखन गजेंद्र
Nov 07, 2023
01:45 pm

क्या है खबर?

छ्त्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान मंगलवार को नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने मतदान केंद्र के पास गोलीबारी कर दी। इस दौरान केंद्र पर तैनात जवानों ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। घटना कोंटा के बंडा इलाके में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर हुई। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। नक्सली मतदान को प्रभावित करने आए थे।

हमला

दुरमा और बंडा के जंगलों में छापेमारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने नक्सलियों का मुकाबला किया। घटना के बाद जवानों ने दुरमा और बंडा के जंगलों में छापेमारी शुरू कर दी है। सुकमा पुलिस का कहना है कि गोलीबारी बंडा के मतदान केंद्र से 2 किलोमीटर दूर हुई। इस दौरान DRG के जवानों ने बराबर गोलीबारी की। हालांकि, 10 मिनट बाद नक्सलियों की ओर से गोलीबारी बंद हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी जवान सुरक्षित हैं।

मतदान

सुकमा में सुबह हुआ था IED धमाका

सुकमा में ही मंगलवार सुबह मतदान शुरू होते ही नक्सलियों ने IED धमाका किया था, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का जवान घायल हुआ था। बता दें कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग की 12 सीटों समेत 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान चल रहा है। मतदान में सुरक्षा के लिए 60,000 जवान तैनात किए गए हैं। पहले चरण में सुबह 11ः00 बजे तक 22 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका है।