
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 2 महिला नक्सली मुठभेड़ में ढेर, माड़ डिवीजन हुआ कमजोर
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में गुरुवार तड़के सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 महिला नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ अबूझमाड़ इलाके में हुई है, जहां माड़ डिवीजन के बड़े नेटवर्क का पता चला था। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई से माड़ डिवीजन काफी कमजोर हुआ है। यहां गुप्त सूचना के बाद विशेष कार्य बल (STF) और कोंडागांव जिले के जिला रिजर्व गार्ड (DRG) संयुक्त अभियान पर निकले थे।
मुठभेड़
हथियार, दवाएं और नक्सली साहित्य बरामद हुए
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी शांत होने के बाद इलाके में छानबीन की गई तो 2 महिला नक्सलियों के शव के साथ दवाएं, एक इंसास राइफल, एक 315 राइफल और नक्सली साहित्य बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अबूझमाड़ एक दुर्गम क्षेत्र है, जहां माड़ डिवीजन पर कार्रवाई नक्सलियों के लिए बड़ा झटका है। अभी कोहकामेटा थाना क्षेत्र में भी सघन अभियान चल रहा है। पूरे इलाके में तलाशी अभियान जोरों पर है।
अभियान
जनवरी से अभी तक 200 से अधिक नक्सली मारे गए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक भारत को नक्सल मुक्त बनाने का वादा किया है, इसी के तहत छत्तीसगढ़, झारखंड और इससे जुड़ी सीमाओं पर बड़ा अभियान चल रहा है। इस साल जनवरी से लेकर अभी तक 200 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया गया है। बीजापुर में फरवरी से मार्च तक एक बार में 28 और 31 नक्सली तक मारे गए हैं। कई बड़े ईनामी माओवादी नेता भी मारे जा चुके हैं।