Page Loader
छत्तीसगढ़: 16 साल की लड़की खरीदकर पति और ससुर ने किया रेप, अब घर लौटी
हरियाणा में बेची गई छत्तीसगढ़ की लड़की 5 साल बाद घर लौटी

छत्तीसगढ़: 16 साल की लड़की खरीदकर पति और ससुर ने किया रेप, अब घर लौटी

लेखन गजेंद्र
Dec 26, 2023
01:20 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में 30 वर्षीय व्यक्ति को बेची गई 16 साल की किशोरी 5 साल बाद आजाद हो गई और छत्तीसगढ़ के कबीरधाम स्थित अपने घर लौट आई। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, लड़की की उम्र अब 21 साल है और वह एक बच्चे की मां है। उसे 16 साल उम्र में उसके चचेरे भाई ने हरियाणा में एक व्यक्ति को बेच दिया था। यहां उसके खरीदार पति और ससुर ने 5 साल तक उसको बंधक बनाकर रखा और रेप किया।

जांच

2 लाख रुपये में बेचा था लड़की को

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस में सूचना देने के बाद चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने 2 लाख रुपये में किशोरी को बेचा था। हालांकि, रोहतक के रहने वाले पिता-पुत्र अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाई और अन्य 2 आरोपियों के खिलाफ तस्करी, रेप, धमकी और वारदात के समय लड़की के नाबालिग होने के कारण POCSO के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस टीम अन्य 2 आरोपियों को पकड़ने हरियाणा पहुंची है।

मानव तस्करी

दिल्ली में चचेरे भाई के साथ काम ढूंढने आई थी पीड़िता

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पीड़िता 16 साल की उम्र में काम की तलाश में 2018 में चचेरे भाई के साथ दिल्ली आई थी। उसने डॉक्टर के पास घरेलू सहायिका के रूप में काम किया, लेकिन ठीक न लगने पर भाई से लौटने को कहा। इस पर भाई ने उसे हरियाणा में बेच दिया। पीड़िता को अपने बेचे जाने का एहसास तब हुआ, जब व्यक्ति ने जबरन शादी की। इसके बाद व्यक्ति और उसके पिता ने रोजाना रेप किया।

रिहा

कैसे छूटी पीड़िता?

पीड़िता ने बताया कि उसे प्रताड़ित किया गया, लेकिन बच्चा होने के बाद दोनों आरोपियों ने पीड़िता को उसके परिवार से बात करने की छूट दी। पीड़िता के पति और ससुर दोनों निर्माण कंपनियों के ठेकेदार के रूप में कार्यरत थे। दोनों अपनी उपस्थिति में ही पीड़िता की बात करवाते थे। नवंबर में व्यक्ति पीड़िता के साथ उसके गांव चलने को राजी हुआ और गांव पहुंचकर पीड़िता ने परिवार और लोगों की मदद से खुद को उनसे अलग कर लिया।