Page Loader
मोहाली से सप्लाई हो रहे चिकन की जगह कुत्ते के मांस से बने मोमो? पड़ा छापा
चंडीगढ़ के मोहाली से कुत्ते के मांस से बने मोमो की आपूर्ति (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सल)

मोहाली से सप्लाई हो रहे चिकन की जगह कुत्ते के मांस से बने मोमो? पड़ा छापा

लेखन गजेंद्र
Mar 18, 2025
02:01 pm

क्या है खबर?

पंजाब में मोमो और स्प्रिंगरोल खाने के शौकीन लोगों के लिए चौंकाने वाली खबर है। यहां के मोहाली में मोमो और स्प्रिंगरोल सप्लाई करने वाली फैक्ट्री में कुत्ते का मांस मिला है। स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मोहाली स्थित मटौर गांव में फैक्ट्री में छापे के दौरान सड़ी सब्जियां, गंदगी और फ्रीज में कुत्ते और बिल्ली के सिर मिले हैं। इनका शरीर गायब होने से संभावना जताई जा रही है कि इनके मांस का उपयोग हुआ है।

जांच

मांस को जांच के लिए भेजा गया

स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद विभाग की टीम यहां पहुंची थी। टीम ने 50 किलो सड़ा मांस, क्रशर मशीन और सड़ी सब्जियां बरामद की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुत्ते का मांस यहां काम करने वाले लोग खा रहे थे, या फिर इसे मोमो में मिलाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। फैक्ट्री इलाके में पिछले 2 साल से चल रही है और इसमें 10 कर्मचारी काम करते हैं, जो सभी फरार हैं।

सप्लाई

चंडीगढ़ में कई जगह सप्लाई हो रहे थे मोमो

स्थानीय लोगों ने सप्लाई फैक्ट्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें बासी और गंदे तरीके से बनाए गए मोमो और स्प्रिंगरोल दिखाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फैक्ट्री में चिकन के नाम पर किसी और पशु के मांस से बने मोमो बनाए जाने का आरोप है। जब्त मांस को प्रयोगशाला में भेजा गया है। बता दें कि यहां तैयार मोमो और स्प्रिंगरोल पंचकूला, मोहाली और पूरे चंडीगढ़ में आपूर्ति होते हैं।

ट्विटर पोस्ट

छापे का चौंकाने वाला वीडियो