महाराष्ट्र में भारतीय और पाकिस्तानी दोनों पासपोर्ट रखने वाला शख्स गिरफ्तार
महाराष्ट्र के उल्हासनगर की हिल लाइन पुलिस ने कल्याण से 38 साल के चांद अली अब्दुल राशिद सय्यद को गिरफ्तार किया है। पुलिस को पता चला कि उसके पास भारतीय और पाकिस्तानी, दोनों पासपोर्ट थे, जो कानूनी तौर पर गलत है।
सय्यद ने सबसे पहले 2009 में अपना भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। फिर वह पाकिस्तान में रहने के दौरान जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी पासपोर्ट भी बनवाने में कामयाब हो गया।
2024 में भारत लौटने पर उसने नए भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया, लेकिन विदेश में बिताए अपने समय के बारे में कुछ नहीं बताया।
सय्यद न्यायिक हिरासत में, ATS को दी गई जानकारी
पासपोर्ट अधिकारियों को जब पता चला कि सय्यद के नाम पर पहले भी भारतीय पासपोर्ट जारी किया गया था, तो उन्होंने उसके पुराने रिकॉर्ड की गहराई से जांच की। इसके बाद हिल लाइन पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई। इस जानकारी के आधार पर सय्यद की पृष्ठभूमि की पुष्टि हुई और अब एंटी-टेररििज्म स्क्वाड (ATS) को भी इस मामले में समानांतर जांच करने के लिए सूचना दे दी गई है।
पुलिस उपायुक्त (जोन 4) सचिन गोरे ने बताया कि सय्यद को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 336, 339 और 340 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, उस पर पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(a) और (b) और 12(3) और विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14(b) भी लगाई गई है। वह अभी न्यायिक हिरासत में है और जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या इस मामले में और भी कई पहलू हैं।