केंद्र की 2,390 करोड़ रुपये के नोएडा मेट्रो विस्तार को मंजूरी, ब्लू-एक्वा लाइनों से होगा जुड़ाव
क्या है खबर?
ग्रेटर नोएडा पश्चिम और नोएडा के लाखों नौकरीपेशा लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 के बीच 2,390 करोड़ रुपये के एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार को हरी झंडी दे दी है। यह नया मार्ग 8.5 किलोमीटर लंबा (एलिवेटेड कॉरिडोर) होगा, जिस पर कुल 5 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इस विस्तार के बाद परिचालन नेटवर्क बढ़कर 71.878 किलोमीटर लंबा हो जाएगा।
इंटरचेंज
नोएडा सेक्टर 61 पर बनेगा सबसे बड़ा इंटरचेंज पॉइंट
इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के नोएडा सेक्टर 61 स्टेशन के साथ इसका इंटरचेंज सुविधा होना है।
वर्तमान में यात्रियों को एक्वा लाइन से ब्लू लाइन बदलने के लिए सेक्टर 51 से सेक्टर 52 तक पैदल या ई-रिक्शा से जाना पड़ता था।
नया लिंक बनने से यात्री बिना किसी परेशानी के सीधे पूरे दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकेंगे। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गिनाए फायदे
इस फैसले के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पर देशवासियों को बधाई देते हुए इसके फायदे गिनाए।
उन्होंने लिखा, 'नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए यहां एक बहुत अच्छी खबर है। यह विस्तार दफ्तरों, स्कूलों, अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों तक लोगों की पहुंच को बहुत आसान बनाएगा, सड़कों पर ट्रैफिक जाम को कम करेगा और यात्रा के समय को छोटा करेगा। यह प्रस्तावित कॉरिडोर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के साथ जीवन की सुगमता बढ़ाएगा।'
लाभ
IT कंपनियों, युवाओं और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ- वैष्णव
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "नोएडा सेक्टर 51 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक जाने वाली इस नई मेट्रो लाइन को आज मंजूरी दे दी गई है। इस पूरे क्षेत्र में कई बड़ी IT कंपनियां और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स स्थापित हैं। इन सभी को इस बेहतरीन कनेक्टिविटी का सीधा फायदा मिलेगा। एक्वा लाइन का यह विस्तार दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से हवाई अड्डों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगा।"
फायदा
विकसित किया जा रहा है मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब
वैष्णव ने आगे कहा, "इस साइट पर एक विशाल मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब विकसित किया जा रहा है, जिसमें एक मेगा रेलवे टर्मिनल भी शामिल होगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में मेट्रो प्रणाली में किए गए निवेश ने सीधे तौर पर मध्यम वर्गीय परिवारों, गरीबों और युवाओं को लाभान्वित किया है, जबकि महिलाओं के लिए यात्रा का एक बेहद सुरक्षित माध्यम भी सुनिश्चित किया है। इस परियोजनाओं से लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा।"
लाभ
किन प्रमुख हब और सोसायटियों को मिलेगा इसका सीधा लाभ?
नए मेट्रो से गौर सिटी मॉल, एच एंड एस मॉल, ब्लू सफायर मॉल, सेक्टर 51 स्थित IKEA, एंथ्यूरियम मॉल (सेक्टर 73) और ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 के व्यापारिक परिसर को सीधा लाभ मिलेगा।
सेक्टर 60 में स्थित टेक महिंद्रा और TCL टेक, सेक्टर 73 का ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और 'गोल्डन आई' कमर्शियल स्पेस, दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर 122), कैलाश अस्पताल, रामा अस्पताल और क्लाउड-9 अस्पताल के साथ सेक्टर 122 की क्लियो काउंटी के लाखों लोगों को फायदा होगा।