गणेश चतुर्थी पर मध्य रेलवे की सौगात, चलाई जाएंगी 246 स्पेशल ट्रेनें
गणेश चतुर्थी पर मुंबई, कोंकण, गोवा और पुणे के बीच सफर करना अब और आसान हो जाएगा। मध्य रेलवे ने त्योहारों की भारी भीड़ को देखते हुए 246 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इस पहल से त्योहारों में घर जाने वाले लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी और वे आराम से अपने परिवार से मिल पाएंगे।
कब से शुरू होंगी स्पेशन ट्रेनें
ये स्पेशल ट्रेनें 11 सितंबर से 28 सितंबर के बीच चलेंगी। ये CSMT-सावंतवाड़ी रोड, LTT-रत्नागिरी, LTT-मडगांव, पुणे-रत्नागिरी और दिवा-चिपळूण जैसे व्यस्त मार्गों पर चलाई जाएंगी। कुल 246 ट्रेनों में से 184 में AC, स्लीपर और बिना आरक्षण वाले कोच शामिल होंगे। वहीं, बाकी बची 62 ट्रेनें पूरी तरह से बिना रिजर्वेशन वाली रखी गई हैं। कुछ ट्रेनों के लिए आरक्षण वाले टिकटों की बुकिंग 1 अगस्त से शुरू होगी, जबकि बाकी ट्रेनों की बुकिंग 2 और 3 अगस्त से की जा सकेगी। बिना आरक्षण वाले टिकट UTS ऐप से सामान्य किराए पर खरीदे जा सकते हैं। ट्रेन के सही समय की जानकारी के लिए रेलवे पूछताछ पोर्टल जरूर देखें, ताकि आपकी ट्रेन न छूटे।