केंद्र सरकार में 1.83 लाख से ज्यादा सरकारी पदों पर नौकरी, SSC, UPSC, रेलवे में भर्ती जारी
सरकारी नौकरी ढूंढ रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने रेलवे, पुलिस, रक्षा, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग विभागों में कुल 1,83,595 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इन पदों के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC), संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) परीक्षाएं आयोजित कर रहे हैं। कुछ परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कुछ की प्रक्रिया अभी चल रही है।
रेलवे में सबसे ज्यादा 1,08,129 पद
इन भर्तियों में सबसे ज्यादा 1,08,129 पद अकेले रेलवे में हैं। इसके बाद कर्मचारी चयन आयोग (SSC) 65,331 पदों पर और UPSC 10,135 पदों पर भर्ती कर रहा है। इसी बीच, एक संसदीय समिति ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक होने की घटनाओं पर चिंता जताई है। समिति ने सुझाव दिया है कि परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित किया जाए और जल्दी उत्तर कुंजी जारी की जाए। हालांकि, UPSC के अधिकारियों ने तुरंत 'आंसर-की' जारी करने पर अपनी आपत्ति दर्ज की है। उनका कहना है कि इससे कानूनी मामले बढ़ सकते हैं और सिविल सेवा परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल गड़बड़ा सकता है।