Page Loader
केंद्र सरकार आज जारी कर सकती है CAA से संबंधित नियम- रिपोर्ट
सोमवार को जारी हो जाएगा CAA अधिसूचना

केंद्र सरकार आज जारी कर सकती है CAA से संबंधित नियम- रिपोर्ट

लेखन गजेंद्र
Mar 11, 2024
05:06 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले केंद्र सरकार बड़ा निर्णय लेने जा रही है। आज सोमवार को सरकार नागरिकता संशोधन कानून (CAA) से संंबंधित नियम अधिसूचित कर सकती है। आज तक के मुताबिक, सोमवार देर रात तक गृह मंत्रालय संबंध में अधिसूचना जारी कर सकती है। अधिसूचना जारी होने के बाद इसका एक वेब पोर्टल भी जारी किया जाएगा। हालांकि, इसमें अभी कुछ देर लगेगी। बता दें, CAA को करीब 5 साल पहले संसद से पारित किया गया था।

अधिसूचना

क्या है CAA?

संसद ने दिसंबर, 2019 में CAA को पारित किया था। इसमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई धर्म के लोगों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत आने वाले इन समुदाय के लोगों को तुरंत नागरिकता दे दी जाएगी, वहीं उसके बाद या आगे आने वाले लोगों को 6 साल भारत में रहने के बाद नागरिकता मिल सकेगी।

फैसला

चुनाव से पहले CAA क्यों लाना चाहती है सरकार?

लोकसभा चुनाव से पहले देश में CAA लागू करने के पीछे एक बड़ा मकसद हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण माना जा रहा है। दरअसल, कानूनन भारत की नागरिकता के लिए कम से कम 11 साल तक देश में रहना जरूरी है, लेकिन CAA में पड़ोसी देशों से आए गैर-मुस्लिम शरणार्थियों को 11 की बजाय 6 साल में नागरिकता मिलेगी। इसके विपरीत मुस्लिमों के लिए नियमों में कोई छूट नहीं है।