CBSE ने जारी किया 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में नंबरों का नया बंटवारा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अभी-अभी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2026-27 सत्र के लिए अंकों का नया पैटर्न जारी किया है। इसमें साफ-साफ बताया गया है कि आपके नंबर लिखित परीक्षा, प्रयोगिक, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन के बीच कैसे बांटे जाएंगे। इस जानकारी से छात्रों को 2027 की बोर्ड परीक्षाओं से पहले अपनी तैयारी की योजना बनाने में और यह समझने में आसानी होगी कि उन्हें कहां सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
10वीं और 12वीं के विषयों के अंकों का बंटवारा
10वीं कक्षा के लिए हिंदी, अंग्रेजी और साइंस जैसे मुख्य विषयों में 80:20 का अनुपात है। इसका मतलब है कि इन विषयों में 80 प्रतिशत नंबर लिखित परीक्षा के होंगे और 20 प्रतिशत नंबर प्रैक्टिकल या इंटरनल असेसमेंट के लिए रखे गए हैं। गृह विज्ञान में थ्योरी के लिए 70 प्रतिशत और प्रायोगिक के लिए 30 प्रतिशत नंबर तय किए गए हैं, जबकि कंप्यूटर एप्लीकेशन्स में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों को बराबर महत्व दिया गया है और दोनों के लिए 50-50 प्रतिशत नंबर रखे गए हैं। 12वीं कक्षा में विषयों के अनुसार यह पैटर्न थोड़ा बदल जाता है। भौतिकी और रसायन विज्ञान में 70 प्रतिशत नंबर थ्योरी के लिए और 30 प्रतिशत प्रायोगिक के लिए होते हैं। वहीं, गणित और अर्थशास्त्र जैसे विषयों में थ्योरी को ज्यादा अहमियत देते हुए 80:20 का बंटवारा किया गया है। मल्टीमीडिया जैसे वोकेशनल कोर्स में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों के नंबर बराबर-बराबर होते हैं।