232 करोड़ के बैंक घोटाले पर CBI का शिकंजा, महाराष्ट्र-गुजरात में ताबड़तोड़ छापेमारी
CBI ने महाराष्ट्र और गुजरात में कई जगहों पर छापेमारी की है। ये छापेमारी 2 बड़े बैंक फ्रॉड केस की जांच का हिस्सा हैं, जिनमें सरकारी बैंकों को करीब 232 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इन छापेमारी में RL ज्वेल्स लिमिटेड और आशापुरा गारमेंट्स लिमिटेड को निशाना बनाया गया, जहां से दस्तावेज और डिजिटल फाइलें बरामद की गई हैं। इन फाइलों से पैसों की हेराफेरी से जुड़े अहम सबूत मिले हैं।
RL ज्वेल्स पर 103.58 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
CBI के मुताबिक, RL ज्वेल्स लिमिटेड ने SBI के साथ करीब 103.58 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोप है कि उन्होंने पैसा दूसरे बैंकों में भेज दिया और कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड्स में भी हेराफेरी की।
दूसरी तरफ, आशापुरा गारमेंट्स लिमिटेड पर 128.23 करोड़ रुपये के स्कैम का आरोप है, जिसमें कैनरा बैंक की अगुवाई वाले कई बैंकों को चूना लगाया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी को कपड़ा कारोबार के लिए जो फंड मिला था, उसे स्टील और कोयले जैसे दूसरे उद्योगों में लगा दिया गया। अब जांच की जा रही है कि ये पैसा आखिर किस-किस के पास पहुंचा।