LOADING...
कोलकाता रेप-हत्या मामला: CBI जांच में संकेत, मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर का नहीं हुआ गैंगरेप
कोलकाता रेप और हत्या मामले में महिला डॉक्टर से गैंगरेप की पुष्टि नहीं

कोलकाता रेप-हत्या मामला: CBI जांच में संकेत, मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर का नहीं हुआ गैंगरेप

लेखन गजेंद्र
Aug 22, 2024
01:41 pm

क्या है खबर?

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में पता चला कि डॉक्टर का गैंगरेप नहीं हुआ था। इंडिया टुडे के मुताबिक, 31 वर्षीय महिला डॉक्टर के रेप और हत्या में एक व्यक्ति, नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय की संलिप्तता है। उसी ने डॉक्टर का रेप करने के बाद हत्या को अंजाम दिया। फॉरेंसिक और DNA रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है।

जांच

CBI को CCTV फुटेज में भी रॉय के अलावा कोई नहीं दिखा

CBI ने मेडिकल कॉलेज और सभागार के आसपास के CCTV फुटेज की भी जांच की, जिसमें आरोपी रॉय को घटनास्थल में प्रवेश करते देखा गया है। जांच एजेंसी ने मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता पर अपनी जांच पूरी नहीं की है। एजेंसी फोरेंसिक रिपोर्ट को स्वतंत्र विशेषज्ञों को उनकी अंतिम राय के लिए भेज सकती है। पहले दावा किया हो रहा था कि डॉक्टर से गैंगरेप हुआ है और उसके शरीर पर चोट सिर्फ एक व्यक्ति द्वारा नहीं है।

गिरफ्तार

वारदात के एक दिन बाद गिरफ्तार हुआ था आरोपी संजय रॉय

9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सभागार में डॉक्टर की बर्बर रेप और हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी संजय रॉय को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था। रॉय अस्पताल का नागरिक स्वयंसेवक था, जो अस्पताल के किसी भी विभाग में आ-जा सकता था। उसका घरेलू हिंसा का इतिहास रहा है। अपराध स्थल पर उसका ब्लूटूथ हेडसेट पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी गैंगरेप की बात को नकारा था।