दिल्ली शराब नीति मामला: CBI ने इंडिया अहेड न्यूज के अधिकारी को गिरफ्तार किया
क्या है खबर?
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली के शराब नीति मामले में नोएडा से इंडिया अहेड न्यूज चैनल के वाणिज्यिक प्रमुख और प्रोडक्शन कंट्रोलर अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि सिंह ने हवाला के माध्यम से गोवा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रचार अभियान को संभालने वाली एक कंपनी को कथित तौर पर 17 करोड़ रुपये भेजे थे।
CBI जांच के दौरान हवाला ऑपरेटरों की व्हाट्सऐप चैट और रिकॉर्ड से यह खुलासा हुआ।
कार्रवाई
जून, 2021 से जनवरी, 2022 के बीच हुए पैसे ट्रांसफर- रिपोर्ट
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, CBI को चैट रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि अरविंद सिंह जून, 2021 से जनवरी, 2022 के बीच 17 करोड़ रुपये हवाला के जरिए भेजने में कथित रूप से सहायक थे और उन्होंने प्रचार कंपनी चैरियोट मीडिया को पैसे भेजे।
गोवा विधानसभा चुनाव 14 फरवरी, 2022 को हुए थे। इसमें भाजपा को 20, कांग्रेस को 12 और AAP और तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 2-2 सीटें मिली थीं।
मामला
क्यों जुड़े हैं मामले में शराब नीति से तार?
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप है कि उसने शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 की नई शराब नीति में कुछ डीलरों का पक्ष लिया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर रिश्वत दी थी।
इन आरोपों का दिल्ली सरकार हमेशा से खंडन करती आई है। बाद में इस शराब नीति को रद्द कर दिया गया था।
शराब नीति से जुड़े दो मामलों में पूर्व उपमुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री मनीष सिसोदिया जेल में बंद हैं।