बच्चों से क्रूरता के मामले में कैपजेमिनी डे-केयर बंद, 5 लोगों पर FIR
बेंगलुरु में कैपजेमिनी के ब्रुकफील्ड कैंपस स्थित डे-केयर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बाहरी प्रदाता 'लिटिल स्कॉलर्स' पर बच्चों के साथ गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद कंपनी ने यह फैसला लिया है। सामने आए आरोपों में बच्चों को बाथरूम में बंद करने जैसे कठोर बर्ताव और कई अन्य परेशान करने वाली हरकतें शामिल हैं।
कंपनी ने कर्मचारियों के परिवारों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है। इसके साथ ही, एम्प्लॉई असिस्टेंस प्रोग्राम के जरिए उन्हें काउंसलिंग दी जा रही है और वर्क फ्रॉम होम का लचीला विकल्प भी मुहैया कराया गया है।
5 देखभाल करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज
बेंगलुरु पुलिस ने बाल संरक्षण कानूनों के तहत 5 देखभाल करने वालों पर तुरंत FIR दर्ज की है। अपनी जांच के लिए पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने ऐलान किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शहर के सभी डे-केयर सेंटरों का निरीक्षण किया जाएगा।