बेंगलुरु में सख्ती: नलों में 'फ्लो रेस्ट्रिक्टर' अनिवार्य, पीने के पानी से नहीं धो सकेंगे कारें
बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (BWSSB) ने शहर में बढ़ते पानी के संकट से निपटने के लिए कुछ सख्त नियम लागू किए हैं। अल नीनो के कारण मानसून का मिजाज अप्रत्याशित हो गया है, जिससे शहर में पानी का संकट लगातार गहरा रहा है। अब घर के मालिकों से लेकर होटलों तक, सभी को अपने नलों में 'फ्लो रेस्ट्रिक्टर' या 'एरेटर' लगाना जरूरी होगा। BWSSB की चेयरपर्सन डॉ. मंजुला ने निवासियों से अपील की है कि वे पानी का समझदारी से इस्तेमाल करें, ताकि सभी के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध रह सके।
पीने के पानी के बाहर इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई
अब पीने के पानी का इस्तेमाल गाड़ी धोने, बागवानी करने या स्विमिंग पूल भरने जैसे कामों के लिए नहीं किया जा सकता। इन सभी कामों के लिए ट्रीटेड वॉटर यानी शोधित पानी का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, और जब तक यह समस्या ठीक नहीं हो जाती, तब तक हर दिन 500 रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा। जरूरत पड़ने पर बोर्ड को यह अधिकार भी होगा कि वह आपकी पानी की आपूर्ति आधी तक कम कर सके।