गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस; 1 की मौत, 30 से अधिक घायल
सोमवार तड़के करीब 12:30 बजे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस पलट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हुई है और 30 से अधिक घायल हैं। सराय पिपरिया गांव के पास यह भयानक हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, बस का टायर फट गया, जिससे वह बेकाबू होकर पलट गई और कई लेन में घिसटती चली गई। गनीमत रही कि बस पास के एक गड्ढे में नहीं गिरी, वरना स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
मृतक की पहचान फतेहपुर के अनुज के रूप में हुई
इस हादसे में जिस यात्री की मौत हुई है, उसकी पहचान फतेहपुर निवासी अनुज के तौर पर हुई है। 6 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बरेली भेजा गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने जानकारी दी कि मामूली चोट वाले कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव टीमों को बस की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं और कई सीटों को काटना पड़ा। पुलिस की शुरुआती जांच में बस की तेज रफ्तार और टायर फटना ही इस हादसे के मुख्य कारण सामने आए हैं।