उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर में गोलगप्पे खिलाने का बहाना देकर मासूम के साथ दरिंदगी, निर्मम हत्या
देश
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार को एक 8 साल की बच्ची लापता हो गई थी, जिसकी बाद में हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी रवि कश्यप ने बच्ची को गोलगप्पे खिलाने का लालच दिया और फिर उसके साथ दरिंदगी कर उसकी जान ले ली।
पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है और उसकी पत्नी से भी पूछताछ जारी है।
बच्ची का शव मिला, आरोपी की पत्नी से पूछताछ जारी
पीड़ित बच्ची और आरोपी एक ही इमारत में रहते थे। आरोपी उसी फैक्टरी में काम करता था, जहां बच्ची के पिता नौकरी करते हैं। शुक्रवार दोपहर बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस ने उसे खोजना शुरू किया और शनिवार सुबह उसका शव बरामद किया।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार बच्ची के शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले गया। उधर, पुलिस अभी भी कश्यप की पत्नी से पूछताछ कर और जानकारी जुटाकर यह समझने की कोशिश कर रही है कि उस दिन आखिर क्या हुआ था।