Page Loader
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पर नाबालिग के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा, FIR दर्ज
बीएस येदियुरप्पा पर यौन उत्पीड़न का आरोप

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पर नाबालिग के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा, FIR दर्ज

लेखन आबिद खान
संपादन गजेंद्र
Mar 15, 2024
10:05 am

क्या है खबर?

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा पर नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। इस संबंध में एक महिला ने उनके खिलाफ बेंगलुरु के सदाशिवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने POCSO अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354 (A) के तहत मामला दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि येदियुरप्पा ने मदद के बहाने उनकी 17 साल की बेटी का यौन उत्पीड़न किया।

घटना

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के मुताबिक, घटना 2 फरवरी की है। नाबालिग लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि वह धोखाधड़ी के एक मामले में मदद मांगने के लिए येदियुरप्पा के पास गई थीं। आरोप है कि येदियुरप्पा ने लड़की का हाथ पकड़ा और उसे एक कमरे में ले गए और कुछ देर बाद बाहर निकले। आरोप है कि कमरे में उन्होंने लड़की का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

जांच

येदियुरप्पा के कार्यालय ने जारी किया बयान

आज तक के मुताबिक, मामले पर येदियुरप्पा के कार्यालय ने एक बयान जारी किया है। कार्यालय ने ऐसे 53 मामलों की सूची जारी की, जो शिकायतकर्ता ने अलग-अलग आरोपों को लेकर दाखिल कर रखे हैं। येदियुरप्पा के कार्यालय का कहना है कि शिकायतकर्ता को ऐसी शिकायत करने की आदत है। बता दें कि येदियुरप्पा 2008 और 2011 में कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे थे। इसके बाद 2018 में थोड़े समय और 2019 से 2021 तक भी वे मुख्यमंत्री रहे।