नई दिल्ली घोषणा पत्र, कई द्विपक्षीय बैठकें; BRICS शिखर सम्मेलन में क्या-क्या हुआ?
क्या है खबर?
नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में BRICS शिखर सम्मेलन खत्म हो गया है। आज सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओपन सेशन को संबोधित किया। इसमें उन्होंने भारत की BRICS अध्यक्षता में प्राथमिकता, दुर्लभ खनिज और वैश्विक दक्षिण की भूमिका को लेकर बातें कहीं। इससे पहले कल देशों ने सर्वसम्मति से नई दिल्ली घोषणा पत्र पर सहमति जताई थी। आइए जानते हैं सम्मेलन के दौरान क्या-क्या हुआ।
शुरुआत
ओपन सेशन से हुई आज के दिन की शुरुआत
सम्मेलन की शुरुआत ओपन सेशन से हुई। इसमें प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक दक्षिण अक्सर संकटों में सबसे आगे होता है, लेकिन फैसले लेने में सबसे पीछे रहता है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, "एक जगह आने वाला संकट दूसरे देशों को भी प्रभावित करता है। भारत ने BRICS को संकटों से निपटने के लिए पहले से तैयार रखने पर जोर दिया है।"
बैठक
आज 7 देशों के प्रमुखों से मिले प्रधानमंत्री मोदी
आज प्रधानमंत्री मोदी ने 7 देशों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
वे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डीनेंड आर मोर्कोस जूनियर, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल-सीसी, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवारिस्टे नदायिशिमिये, युगांडा के उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो और नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टीमा के साथ बैठकें कीं।
इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों से लेकर वैश्विक पहलुओं पर चर्चा हुई।
घोषणा पत्र
पहले दिन नई दिल्ली घोषणा पत्र पर बनी सहमति
सम्मेलन के पहले दिन भारत को बड़ी कूटनीतिक सफलता मिली, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव और ईरान, सऊदी अरब और UAE के अलग-अलग रुख के बावजूद नई दिल्ली घोषणा पत्र पर सहमति बन गई।
इसमें पहलगाम आतंकी हमले की निंदा, आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख, एकतरफा टैरिफ की निंदा और परमाणु खतरे पर चिंता जताई गई है।
घोषणा पत्र में किसी देश का नाम लिए बिना हर तरह की आक्रामकता की निंदा की गई है।
पहला दिन
पहले दिन और क्या-क्या हुआ?
पहले दिन के पहले सत्र में प्रधानमंत्री ने नाविकों की सुरक्षा समेत 10 से ज्यादा प्रस्ताव रखे। उन्होंने विश्व व्यवस्था के नेतृत्व में बदलाव का भी आह्वान किया।
इसके बाद बंद कमरे में भी बैठक हुई।
फिर BRICS के 20 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने 2 डाक टिकट जारी किए।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने BRICS नेताओं को भारत मंडपम में भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी दिखाई।
BRICS नेताओं ने पौधारोपण किया और ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
बयान
सम्मेलन में वैश्विक नेताओं ने क्या कहा?
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से पूरे क्षेत्र के लोगों को भारी नुकसान हुआ है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "पश्चिम अब कमजोर हो रहा है, पता नहीं ये देश खुद को G7 क्यों कहते हैं। दुनिया की 40 प्रतिशत से ज्यादा GDP BRICS देशों से आई।"
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि शांतिपूर्ण परमाणु ठिकानों को किसी भी हमले से सुरक्षित रखा जाना चाहिए।