Loading...
क्यों इस साल नहीं आएगा OpenAI का IPO? सैम ऑल्टमैन ने बताई वजह
OpenAI ने IPO के लिए कॉन्फिडेंशियल तरीके से दस्तावेज जमा कर दिए हैं

क्यों इस साल नहीं आएगा OpenAI का IPO? सैम ऑल्टमैन ने बताई वजह

Sep 13, 2026
10:50 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI इस साल सार्वजनिक नहीं होगी क्योंकि वह इस टेक्नोलॉजी से जुड़ी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने पर ध्यान दे रही है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने फॉर्च्यून को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही। इसमें उन्होंने कहा कि इस साल आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाना सही फैसला नहीं होगा और अगले साल से पहले लिस्टिंग नहीं होगी। हालांकि, कंपनी कॉन्फिडेंशियल तरीके से इसके लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर चुकी है।

वजह 

कंपनी के सामने सुरक्षा बड़ी चिंता

हगिंग फेस हैक के असर और AI की सुरक्षा से जुड़ी चर्चाओं के बीच साक्षात्कार में ऑल्टमैन से पूछा गया कि क्या OpenAI को अभी भी अपने IPO प्लान की वजह से बहुत तेजी से आगे बढ़ने का दबाव महसूस होता है?

इस पर उन्होंने जवाब दिया, "हम IPO लाने में कोई जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। असल में मुझे लगता है कि सुरक्षा से जुड़े मौजूदा हालात को देखते हुए अभी सार्वजनिक होना सही फैसला नहीं होगा।"

समय-सीमा

कब सार्वजनिक होगी कंपनी?

उन्होंने जोर देकर कहा, "OpenAI तब सार्वजनिक होगी जब हम तैयार होंगे, यानि जब बिजनेस तैयार होगा और जब हमें लगेगा कि समाज में इस टेक्नोलॉजी को लेकर माहौल सही है।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या इसका मतलब यह है कि 2026 में IPO नहीं आएगा तो ऑल्टमैन ने जवाब दिया, "मैं कहूंगा कि 2026 में तो नहीं। हमें अभी बहुत कुछ करना है।"

जून में न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी IPO के 2027 में आने की रिपोर्ट दी थी।

ADVERTISEMENT