BRICS डिनर में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने गाया किशोर कुमार का गाना, वीडियो वायरल
क्या है खबर?
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम इन दिनों भारत दौरे पर हैं। दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने अपने खास अंदाज से सभी का ध्यान खींचा। अनवर इब्राहिम ने साल 1965 में आई फिल्म 'तीन देवियां' का मशहूर गाना 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गाया। किशोर कुमार की आवाज में लोकप्रिय हुए इस गाने को एसडी बर्मन ने संगीत दिया था, जबकि इसके बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
प्रेम
अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड प्रेम, पहले 'बोले चूड़ियां' अब गाया किशोर का गाना
अनवर इब्राहिम को भारतीय फिल्मों और संगीत में लंबे समय से दिलचस्पी रही है। वो पहले भी कई मौकों पर बॉलीवुड के गानों के प्रति अपना प्यार दिखा चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक राजनयिक कार्यक्रम के दौरान अनवर ने बॉलीवुड फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के मशहूर गाने 'बोले चूड़ियां' वाला एक वीडियो भी शेयर किया था।
अब BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान किशोर का गाना गाकर उन्होंने फिर भारतीय संगीत के प्रति अपना लगाव जाहिर किया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Guru mintak izin nyanyi kejap ok! pic.twitter.com/NzazFHV509
— Anwar Ibrahim (@anwaribrahim) September 12, 2026
सराहना
अनवर ने की प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ
अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड से जुड़ाव भारत के साथ उनके मजबूत रिश्तों के बीच देखने को मिला। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने भारत की समृद्ध सभ्यता और दोनों देशों के पुराने संबंधों की भी तारीफ की।
शनिवार को BRICS शिखर सम्मेलन से इतर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान अनवर ने मोदी की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कई लोगों के संदेश मिले हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजना चाहते थे।