प्रिंस विलियम के दौरे से पहले चमकाई सड़कें, बॉम्बे हाई कोर्ट ने BMC को लगाई फटकार
क्या है खबर?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को बृहन्मुंबई नगर पालिका (BMC) को फटकार लगाई। कोर्ट ने पूछा कि मुंबई की सड़कों को सिर्फ VIP दौरों के समय ही क्यों चमकाया जाता है और आम नागरिकों को ऐसी साफ-सफाई की सुविधा क्यों नहीं मिलती? कोर्ट ने ये टिप्पणी ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के मुंबई दौरे के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर की। इसे लेकर जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले ने BMC पर नाराजगी जताई।
टिप्पणी
कोर्ट ने कहा- 2 दिन के लिए BMC ने अस्थायी प्रदर्शन किया
हाई कोर्ट ने कहा कि शाही जोड़े के दौरे के दौरान 2 दिनों के लिए BMC ने 'अस्थायी प्रदर्शन' किया, जबकि नागरिकों के लिए कचरे के पहाड़ 'स्थायी प्रदर्शन' के रूप में छोड़ दिए।
कोर्ट ने कहा, "दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट सहित कुछ इलाकों को शाही मेहमानों के लिए चमकाया गया था, लेकिन नगर निगम और राज्य अधिकारियों को मुंबई के हर वार्ड में नागरिकों के लिए भी इसी तरह के प्रयास सुनिश्चित करने चाहिए।'
बैलार्ड
कोर्ट ने पूछा- आम लोगों को ऐसी सड़कें क्यों नहीं मिलतीं?
कोर्ट ने BMC से पूछा, "बैलार्ड एस्टेट को देखिए, यह कितना चमक रहा है। आपने कुछ खास मेहमानों के आने पर सड़कों को पानी से धोकर साफ कर दिया। फिर मुंबई के आम लोगों को ऐसी सड़कें क्यों नहीं मिल सकतीं?"
हालांकि, पीठ ने इन VIP मेहमानों का नाम नहीं लिया, लेकिन प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने सोमवार को दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके का दौरा किया था।
बदलाव
पीठ ने कहा- क्या VIP के आने पर ही सक्रिय होंगे
पीठ ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, "अगर राज्य सरकार और BMC में इच्छाशक्ति हो, तो वे पल भर में बदलाव ला सकते हैं। यह हमने अनुभव से सीखा है। यह बिजली की गति से हो सकता है तो क्या इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों के लिए आप तभी सक्रिय रहेंगे जब कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति शहर का दौरा करेगा? यह उचित नहीं होगा। आपको आम आदमी के लिए काम करना होगा जो इस शहर का स्थायी निवासी है।"
याचिका
पीठ ने प्लास्टिक कचरे को लेकर जताई चिंता
पीठ कंजरमार्ग लैंडफिल में कचरा निपटान को लेकर दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी। 17 नवंबर को जजों ने कंजरमार्ग का दौरा किया और लैंडफिल स्थल पर प्लास्टिक के ढेर पर चिंता जताई।
पीठ ने कहा, "हम सालों से इस तरह की विषाक्तता का सामना कर रहे हैं। नगरपालिका कचरे के प्रबंधन और उपचार में समस्याएं होने के बावजूद हम अभी भी प्लास्टिक का उपयोग क्यों नहीं छोड़ रहे हैं।"