प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले डेरा बल्लां को बम से उड़ाने की धमकी
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब के जालंधर दौरे से पहले शनिवार को डेरा सचखंड बल्लां और दो स्थानीय स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, ये धमकियां स्कूलों को ईमेल के जरिए भेजी गईं और इनमें सीधे तौर पर डेरा बल्लां का जिक्र किया गया था। पुलिस ने धमकियों की जांच के साथ ईमेल की प्रामाणिकता की पुष्टि करने में जुटी है। अभी तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
दौरा
प्रधानमंत्री मोदी 1 फरवरी को करेंगे डेरा बल्लां का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां का दौरा करेंगे। यह डेरा रविदासिया समुदाय का एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है और इसका धार्मिक महत्व बहुत अधिक है। हालांकि, उनके विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि वे वहां लगभग 40 मिनट वहां बिताएंगे, जिसमें 15 मिनट का भाषण और संत निरंजन दास से मुलाकात शामिल है।
सुरक्षा
जालंधर में की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
बम धमाकों की धमकियों और प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के मद्देनजर जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शहर का दौरा किया। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने 30 जनवरी से 1 फरवरी तक जालंधर को 'नो फ्लाइंग जोन' घोषित किया है, जिसके तहत ड्रोन और अन्य विमानों का संचालन प्रतिबंधित है। डेरा सचखंड बल्लां को जाने वाले रास्तों पर भी यात्रा प्रतिबंध है।
जानकारी
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
गुरु रविदास जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में अनुयायियों के एकत्रित होने की उम्मीद है। डेरा सचखंड बल्लां जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट बल्लन गांव में स्थित है। बम की धमकियों के बाद जांच में स्कूलों या डेरा में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।