मुंबई में नल के पानी को लेकर BMC का बड़ा अलर्ट, बीमारियों से बचने के लिए छानकर पिएं पानी
भारी बारिश की वजह से मुंबई के कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई गंदी हो गई है। इसी वजह से बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई के लोगों से कहा है कि वे नल के पानी को छानकर और उबालकर ही इस्तेमाल करें। असल में बारिश के कारण जलाशयों में मिट्टी की मात्रा बढ़ गई है, जिससे कई इलाकों में पानी धुंधला नजर आ रहा है। BMC के इंजिनियर इस समस्या को ठीक करने में लगातार जुटे हुए हैं और पानी को साफ करने वाले ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन की सही मात्रा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
मुंबई के लोगों को नल के पानी पर देना चाहिए ध्यान
BMC भले ही इस पर काम करने का दावा कर रहा है, लेकिन उसने लोगों से अभी भी सावधान रहने को कहा है। अगर आपके नल का पानी धुंधला या गंदा दिख रहा है, तो पीने से पहले उसे छानकर और उबालकर ही इस्तेमाल करें। यह सलाह इसलिए दी जा रही है ताकि खराब मौसम में आप सतर्क रहें और नल के गंदे पानी से होने वाली बीमारियों से खुद को बचा सकें।