मुंबई में अलर्ट: मंगलवार से 20 घंटे कम पानी आएगा, क्या है वजह?
मुंबई के निवासियों को आज सुबह 9 बजे से पानी की सप्लाई में 15 फीसदी की कटौती का सामना करना पड़ेगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर के आइलैंड सिटी, पश्चिमी उपनगरों और पूर्वी उपनगरों के कई इलाकों में 20 घंटे के लिए पानी की सप्लाई 15 प्रतिशत कम करने का ऐलान किया है। यह कटौती मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू होकर बुधवार सुबह 5 बजे तक चलेगी। पानी की लाइनों के कुछ बेहद जरूरी रखरखाव के काम की वजह से यह फैसला लिया गया है।
बदले जा रहे पुराने कंट्रोल पैनल्स
पंजरपुर पंपिंग स्टेशन में चार पुराने कंट्रोल पैनल्स बदले जा रहे हैं, जिसकी वजह से पानी का बहाव कुछ कम होगा। यही वजह है कि कई इलाकों में पानी की सप्लाई कुछ समय के लिए घट जाएगी। BMC ने जिन इलाकों में पानी की कटौती होगी, वहां के लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान पानी का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। साथ ही BMC ने यह भी बताया है कि भविष्य में और भी ऐसे ही सुधार किए जाएंगे।