Page Loader
ममता बनर्जी की फोटोशॉप तस्वीर मामलाः अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची प्रियंका शर्मा

ममता बनर्जी की फोटोशॉप तस्वीर मामलाः अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची प्रियंका शर्मा

May 13, 2019
06:20 pm

क्या है खबर?

ममता बनर्जी की फोटोशॉप तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाली भाजपा युवा मोर्चा की नेता प्रियंका शर्मा ने अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। प्रियंका के वकील ने कहा कि इस मामले में तुरंत सुनवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य में कामकाज पूरी तरह बंद है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट आने के सिवाय कोई रास्ता नहीं था। न्यायाधीश इंदिरा बनर्जी और संजीव खन्ना की बेंच मंगलवार को इस याचिका पर सुनवाई करेगी।

आरोप

प्रियंका ने फोटोशॉप की थी प्रियंका चोपड़ा की फोटो

मेट गाला के दौरान प्रियंका के मेकअप वाली फोटो खूब वायरल हुई थी। प्रियंका शर्मा ने प्रियंका की इस फोटो पर ममता बनर्जी का चेहरा चिपकाकर फेसबुक पर पोस्ट कर दिया था। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस नेता विभास हाजरा की शिकायत पर दासनगर पुलिस ने प्रिंयका शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था। स्थानीय अदालत के आदेश पर प्रियंका को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने राज्यभर में प्रदर्शन किये थे।

विरोध

भाजपा ने दर्ज कराया कड़ा विरोध

हावड़ा जिले में भाजपा की संयोजक प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। असम सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमंत विश्व शरमा ने प्रियंका की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा कि बंगाल की मौजूदा स्थिति आपातकाल की याद दिलाती है। वहीं प्रियंका के घरवालों ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस का हाथ है।

पुराने मामले

पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले

पश्चिम बंगाल में अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने का यह पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले साल 2012 में एक प्रोफेसर को ममता बनर्जी का कार्टून फॉरवर्ड करना महंगा पड़ा था। दरअसल, जाधवपुर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अंबिकेश महापात्रा ने ममता के कार्टून को सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड किया था। उन्हें इस वजह से जेल जाना पड़ा था। इसी साल ममता ने उनकी नीतियों पर सवाल उठाने वाले लोगों को माओवादी बताया था।