केरलम के अलाप्पुझा जिले में बर्ड फ्लू फैल गया है। 2 पोल्ट्री फार्म में बटेर, मुर्गियों और बत्तखों में यह वायरस पाया गया है। संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए अधिकारियों ने बुधवार से करीब 26,000 पक्षियों को मारने का फैसला किया है। ये पक्षी अंबलप्पुझा उत्तर, दक्षिण और चेन्निथाला के प्रभावित इलाकों के एक किलोमीटर के दायरे में आते हैं।
पशुपालन, स्वास्थ्य टीमें और 10 किलोमीटर तक निगरानी
पशुपालन और स्वास्थ्य विभागों की 6 रैपिड रिस्पॉन्स टीमें बुधवार को पक्षियों को मारने का काम शुरू करेंगी। अगर और टीमों की जरूरत पड़ेगी, तो उन्हें भी तैयार रखा गया है। फार्मों के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे में निगरानी रखी जाएगी, ताकि बर्ड फ्लू का कोई और मामला सामने न आए। जिला अधिकारियों ने एक बैठक भी की है। इस बैठक में आगे की रणनीति और सभी विभागों के प्रयासों में तालमेल बिठाने पर चर्चा हुई है, ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।