Page Loader
पक्षियों से इंसानों में भी पहुंच सकता है बर्ड फ्लू- केंद्रीय मंत्री

पक्षियों से इंसानों में भी पहुंच सकता है बर्ड फ्लू- केंद्रीय मंत्री

Jan 06, 2021
04:48 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस महामारी के बीच अब एवियन इन्फ्लुएंजा यानी बर्ड फ्लू ने देश में दस्तक दे दी है। इसके कारण देश के विभिन्न राज्यों में अब तक 25,000 से अधिक पक्षियों की मौत हो चुकी है। इसी बीच केंद्रीय पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री संजीव बालियान ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू पक्षियों से इंसानों तक भी पहुंच सकता है। हालांकि, भारत में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।

प्रकरण

बर्ड फ्लू के कारण देश में तेजी से हो रही है पक्षियों की मौत

बर्ड फ्लू के कारण देश में अब तक 25,000 से अधिक बत्तख, कौवा, मुर्गी और प्रवासी पक्षियों की मौत हो चुकी है। अब तक केरल में सबसे ज्यादा 12,000 बत्तखों की मौत हुई है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में 2,500 प्रवासी पक्षियों की मौत हो चुकी है। इनके अलावा राजस्थान में करीब 600 से अधिक कौवे और बगुले, मध्य प्रदेश में 200 पक्षियों की मौत हो चुकी है। इसी तरह पंजाब और हरियाणा में भी इसका प्रकोप पहुंच चुका है।

जानकारी

पंजाब और झारखंड में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी

बढ़ते बर्ड फ्लू के प्रकोप को देखते हुए पंजाब, झारखंड और हरियाणा सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। राज्यों में मुर्गियों सहित अन्य पक्षियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। फ्लू की पुष्टि होने के बाद बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बयान

बर्ड फ्लू का नहीं है कोई इलाज- बालियान

केंद्रीय मंत्री बालियान ने कहा कि बर्ड फ्लू इंसानों तक भी पहुंच सकता है, लेकिन भारत में अभी कोई मामला नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इसका कोई इलाज नहीं है।राज्यों को इसे फैलने से रोकने के लिए कदम उठाने को कहा गया है। इनमें पक्षियों की आवाजाही पर रोक और उन्हें उचित तरह से नष्ट करना शामिल है। उन्होंने कहा कि दूषित पोल्ट्री उत्पादों के सेवन से इंसानों में संक्रमण फैलने के अभी कोई सुबूत नहीं मिले हैं।

जानकारी

क्या है बर्ड फ्लू और इंसानों के लिए ये कितना खतरनाक?

एवियन इंफ्लूएंजा यानि बर्ड फ्लू पक्षियों में फैलने वाल वायरल संक्रमण है और H5N1 वायरस से फैलने वाला बर्ड फ्लू इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। संक्रमित मुर्गियों या पक्षियों के बेहद निकट रहने से ये वायरस इंसान में फैलता है और सांस लेने में दिक्कत, उल्टी और बुखार आदि इसके लक्षण हैं। एंटी-वायरल से इसका इलाज किया जा सकता है, हालांकि इलाज में देरी पर इंसान की मौत भी हो सकती है।

हालत

अब तक पांच राज्यों में फैला है बर्ड फ्लू- बालियान

केंद्रीय मंत्री बालियान ने कहा कि बर्ड फ्लू फिलहाल पांच राज्यों (हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और केरल) में फैला हैं। यह पोल्ट्री में भी ट्रांसमीट हुआ है, वैसे जंगली और प्रवासी पक्षियों में ही यह पाया जाता है। ऐसे में इसको लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। बता दें कि पशुपालन मंत्रालय ने राज्यों से समय पर सैंपल एकत्र करने, निगरानी बढ़ाने, जैव सुरक्षा के सिद्धांतों को अपनाने और व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी

निगरानी के लिए दिल्ली में स्थापित किया नियंत्रण कक्ष

बता दें कि पशुपालन, डेयरी और मत्स्य मंत्रालय ने बर्ड फ्लू की स्थिति पर नजर रखने और राज्य अधिकारियों द्वारा किए गए निवारक और नियंत्रण उपायों के दैनिक आधार पर स्टॉक लेने के लिए नई दिल्ली में एक नियंत्रण कक्ष भी संचालित कर दिया है।