बिहार: औरंगाबाद में 5 किशोरियों ने एकसाथ जहर खाया; 4 की मौत, चुपचाप हुआ अंतिम संस्कार
क्या है खबर?
बिहार के औरंगाबाद में एक अजोबीगरीब मामला सामने आया है। यहां 5 किशोर सहेलियों ने एक साथ जहर खा लिया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लापता है। घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के अमझर शरीफ पंचायत में सैदपुर गांव की है। सभी किशोरियों की उम्र 14 से 15 साल बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर चारों का अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन पुलिस को खबर नहीं दी गई।
घटना
क्या है पूरा मामला?
घटना 29 जनवरी, 2026 को घटी है। सभी 5 किशोरियां सुबह 8 बजे गांव के बाहर बधार स्थित खेतों की तरफ गई थीं। चर्चा है कि उन्होंने एक साथ जहर खा लिया। एक किशोरी भागकर घर आ गई और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब खेत पहुंचे तो सभी 4 किशोरियों का शव पाया। ग्रामीण उनका शव लेकर आ गए और एक चिता पर सभी का अंतिम संस्कार कर दिया। जीवित किशोरी को गांव के बाहर भर्ती किया गया है।
जांच
गांव से पुरुष गायब, पुलिस का सहयोग नहीं कर रहे ग्रामीण
किशोरियों की मौत की खबर पुलिस को नहीं दी गई, लेकिन यह बात स्थानीय मीडिया में छप गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और ग्रामीणों से पूछताछ करने पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में न तो बच्चियों के परिजन हैं और न ही पुरुष हैं। कोई भी घटना की जानकारी नहीं दे रहा है, जिससे किसी बड़ी साजिश का शक गहरा रहा है। पुलिस की टीमें लगातार गांव में बयान लेने में जुटी हैं।
जांच
स्कूल नहीं आ रही थीं बच्चियां
अभी तक पुलिस को इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि बच्चियां कई दिनों से स्कूल भी नहीं जा रही थीं। घटना को लेकर गांव में दबी जुबान से कई अफवाह भी फैल रही है, जिसमें बच्चियों के प्रेम-प्रसंग से जुड़े होने और ऑनर किलिंग की बात भी सामने आ रही है। पुलिस मामले में तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक आधार पर जांच कर रही है।