
पटना: AIIMS में कार्यरत नर्स के घर में 2 बच्चे जले मिले, जिंदा जलाने का शक
क्या है खबर?
बिहार की राजधानी पटना में रोंगटे खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नर्स के घर में 2 बच्चों के शव जली हुई अवस्था में मिले हैं, जिससे सनसनी फैल गई है। घटना जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव की है। पीड़ित महिला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) पटना में नर्स शोभा देवी हैं। मृतक बच्चों के नाम अंजलि कुमारी (14) और अंशु (12) हैं। दोनों बच्चों के शव बिस्तर में जली अवस्था में मिले हैं।
घटना
स्कूल से लौटे थे बच्चे
जब बच्चे दोपहर बाद स्कूल से घर लौटे थे, तब शोभा देवी और उनके पति ललन कुमार गुप्ता घर पर नहीं थे। शोभा AIIMS में थीं। जब वे घर पहुंचीं तो घर से धुआं निकल रहा था और अंदर जाने पर दोनों बच्चों का जला हुआ शव बिस्तर पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
जांच
हादसा या हत्या?
ग्रामीणों ने दोनों बच्चों की हत्या का शक जताया है। उनका कहना है कि अपराधियों ने बच्चों को अकेला पाकर जिंदा जलाया है। कुछ लोग संपत्ति से जुड़ा विवाद भी बता रहे हैं। वहीं, पुलिस हादसा और हत्या दोनों कोणों से जांच कर रही है। हालांकि, घर में शॉर्ट सर्किट के साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिससे अंदेशा हत्या की तरफ जा रहा है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। लोगों से पूछताछ जारी है।