बेंगलुरु: फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट पर महिला के घर में घुस अश्लील इशारे करने के आरोप, गिरफ्तार
क्या है खबर?
बेंगलुरु की एक महिला ने फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट पर जबरदस्ती घर में घुसने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो साझा कर बताया कि पार्सल लेकर आए एजेंट ने महिला से शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला के बार-बार मना करने के बावजूद एजेंट घर में घुस गया और महिला की तरफ अश्लील इशारे किए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना
महिला ने कहा- आरोपी ने गुप्तांग दिखाए
वीडियो में महिला ने कहा, "मेरे बार-बार मना करने के बावजूद उसने चप्पलें उतारीं और मेरी अनुमति के बिना जबरदस्ती घर में घुस गया। उसने बाहर आकर अपने गुप्तांग दिखाए। मैं सदमे में थी, अपमानित महसूस कर रही थी और अपने ही घर में पूरी तरह असुरक्षित थी। मैं बहुत डरी हुई थी। मैंने अपने फोन का कैमरा चालू रखा, दरवाजा खुला छोड़ दिया और पास खड़ी रही, क्योंकि मुझे डर था कि अगर कुछ हुआ तो मैं भाग सकूंगी।"
गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
घटना की जानकारी मिलने पर मराठाहल्ली पुलिस ने महिला से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर डिलीवरी एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, घटना के बाद फ्लिपकार्ट ने डिलीवरी एजेंट को बर्खास्त कर दिया और कहा कि वह महिला का पूरा समर्थन करता है। आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है।