बेंगलुरु में कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों की हत्या की
क्या है खबर?
बेंगलुरु में हत्याकांड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के 7 सदस्यों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने को लेकर दोनों में विवाद होता था, जिसमें पत्नी के परिवार के लोग उसका साथ देते थे। इसी बात से नाराज होकर कैब ड्राइवर ने 7 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना
सिलबट्टे से की पत्नी की हत्या
आरोपी का नाम इंदुशेखर बताया जा रहा है, जो बेंगलुरु के राजाजीनगर में रहता है। करीब 20 साल पहले उसकी शादी सुनीता से हुई थी।
खबरों के मुताबिक, सुनीता के मायके जाने को लेकर दंपत्ति में विवाद होता था। इसमें सुनीता के घर वाले उसका साथ देते थे। इसे से नाराज होकर उसने सभी की हत्या की योजना बनाई।
सबसे पहले उसने अपनी पत्नी को मारा और उसका शव नंदी हिल्स में फेंक दिया।
हत्याएं
2 दिन में 7 लोगों को मारा
आरोपी ने 2 दिन के भीतर ही 7 लोगों की हत्या की।
पत्नी को मारने के अगले दिन उसने अपने 2 सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर पर बुलाया और उनकी भी हत्या कर दी।
इसके बाद दोनों की पत्नियों- दिव्या और नलिनी, सास रूपवती और शिवकुमार के 7 साल के बेटे पुनीत को भी मार डाला।
हत्या के लिए आरोपी ने घर में रखे भारी सिलबट्टे का इस्तेमाल किया था।
खुलासा
कैसे हुआ घटना का खुलासा?
नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि इस परिवार के कई सदस्य अचानक से लापता हो गए हैं।
पुलिस जांच में कॉल रिकॉर्ड और दूसरे सबूतों के आधार पर इंदुशेखर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच बता दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बयान
अब तक केवल एक शव बरामद
पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से 7 साल के पुनीत का शव बरामद कर लिया है। बाकी शवों की तलाश जारी है।
बेंगलुरु उत्तरी डिवीजन के पुलिस उपायुक्त BS नेमा गौड़ा ने कहा, "यह घटना बुधवार को हुई। 2 ACP, 4 इंस्पेक्टर और लगभग 50 पुलिसकर्मी जांच में लगे हुए हैं। आरोपी ने शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया है। हम शवों की तलाश कर रहे हैं।"