बैंकाक-बेंगलुरु की इंडिगो उड़ान में यात्री पर गर्म खाना गिरा, एयरलाइंस पर 25,000 रुपये का जुर्माना
क्या है खबर?
इंडिगो के विमान में बैंकाक से बेंगलुरु तक का सफर कर रहे एक यात्री के लिए सुखद यात्रा तब पीड़ा में बदल गई, जब उसके ऊपर गरमागरम खाना गिर गया। दरअसल, उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद और हवा में काफी ऊपर एक फ्लाइट अटेंडेंट ने गलती से उस पर गरम-गरम मांसाहारी करी गिरा दी। यात्री ने मामले की शिकायत उपभोक्ता अदालत में की थी, जिसके बाद एयरलाइंस पर जुर्माना लगाया गया है।
घटना
क्या है मामला?
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, 5 मार्च, 2024 को कोनानाकुंटे क्रॉस के रहने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ बैंकाक से बेंगलुरु आ रहे थे। उन्होंने इंडिगो को खुद के लिए 12,404 रुपये और अपने परिवार के लिए 24,808 रुपये का भुगतान किया था। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद फ्लाइट अटेंडेंट ने उनकी सीट के ऊपर ओवरहेड बिन खोल दिया, जिससे गर्म खाने का पैकेट उनपर गिर गया और करी और अन्य चीजें फैल गईं।
पीड़ा
शाकाहारी होने के कारण 8 घंटे तक समस्या
रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़ित यात्री के कपड़े, जूते, मोबाइल और अन्य सामान खराब हो गए, जिसके कारण यह घटना उनके लिए काफी तकलीफदेह रही। शाकाहारी होने के कारण मांसाहारी करी की गंध के के कारण उनके सिर में दर्द हो रहा था और त्वचा में जलन हो रही थी। नहाने और कपड़े बदलने में असमर्थ होने के कारण यात्री ने 8 घंटे तक यात्रा की। इस दौरान उनको शर्मिंदगी हुई, क्योंकि आसपास बैठे यात्री उनपर हंस रहे थे।
शिकायत
इंडिगो ने यात्री को 5,000 रुपये देने की पेशकश की थी
यात्री ने बताया कि एयरलाइन ने फोन और ईमेल पर लापरवाही स्वीकार की और उन्हें 5,000 रुपये का यात्रा वाउचर दिया, लेकिन असुविधा को देखते हुए उन्होंने इसे अर्पाप्त माना। इसके बाद यात्री ने 5 लाख रुपये के हर्जाने के लिए अतिरिक्त बेंगलुरु शहरी उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में शिकायत दी। आयोग ने सभी पक्ष सुनने के बाद इंडिगो को सेवा में स्पष्ट चूक का दोषी बताते हुए 20,000 रुपये मुआवजा और 5,000 रुपये मुकदमेबाजी के लिए देने को कहा।