बेंगलुरु के CEO ने 2,700 रुपये खर्च कर सुधारा फुटपाथ, प्रशासन की खुली पोल
बेंगलुरु में जब प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोरामंगला का फुटपाथ खतरनाक हालत में ही रहा, तो शहर के एक CEO सिद्धार्थ डियालानी ने इसे अपने पैसों से ठीक करवाने का फैसला किया।
उन्होंने इस जगह की मरम्मत के लिए 2700 रुपये खुद खर्च किए, ताकि पैदल चलने वाला हर व्यक्ति, खासकर व्हीलचेयर और बच्चों की गाड़ी इस्तेमाल करने वाले लोग, सुरक्षित रूप से आ-जा सकें।
डियालानी की पोस्ट की तारीफ और आलोचना दोनों
काम पूरा होने के बाद डियालानी ने पहले और बाद की तस्वीरें ऑनलाइन पोस्ट कीं। उन्होंने इसमें मशहूर बिजनेसपर्सन को भी टैग किया और लोगों से अपील की कि वे भी अपने आस-पड़ोस को बेहतर बनाने में आगे आएं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना था कि नागरिकों को प्रशासन का काम नहीं करना चाहिए। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, 'बहुत बढ़िया काम है, लेकिन अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी से मत भागने दीजिए, वरना वे निष्क्रिय हो जाएंगे।'