बेंगलुरु में दूध-घी के बाद बस किराया भी बढ़ा, आम आदमी की जेब पर बोझ
बेंगलुरु वासियों की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। बेंगलुरु मिल्क यूनियन लिमिटेड (BAMUL) ने 4 नवंबर से घी, मक्खन और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिससे ये चीजें अब और महंगी मिलेंगी। अब घी का एक छोटा पैकेट 95 रुपये में मिलेगा, वहीं मक्खन और पनीर के दाम भी बढ़ गए हैं। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब कुछ समय पहले ही दूध की कीमतें बढ़ी थीं। ऐसे में रोजमर्रा की जरूरी चीजें खरीदना आम लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है।
KSRTC, BMTC का किराया बढ़ा
अगर आप आने-जाने के लिए बसों का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपको ज्यादा किराया देना होगा। कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) के टिकटों में करीब 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि शहर के अंदर बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BMTC) बसों का किराया 33 से 35 प्रतिशत तक बढ़ गया है। किराए में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर भाजपा नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने KSRTC बस स्टैंड पर पुरुष यात्रियों को गुलाब के फूल देकर अपना विरोध जताया। भाजपा का कहना था कि यह किराया बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर सबसे ज्यादा असर डालेगी।