अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में खरीदी करोड़ों की जमीन, सामने आया उत्तर प्रदेश से जुड़ाव
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 15,000 वर्ग फीट का भूखंड 15 करोड़ रुपये में खरीदा है। इस सौदे का खुलासा हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026 में हुआ। वहां अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि जब वे ऑस्ट्रेलिया में थे, तब बच्चन ने उन्हें देर रात फोन करके निवेश के बारे में बात की थी। यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है और इसकी खूब चर्चा भी हो रही है।
उत्तर प्रदेश से जुड़ाव ही अमिताभ के इस फैसले की असली वजह
दरअसल, उत्तर प्रदेश से अमिताभ बच्चन का गहरा जुड़ाव ही उनके इस फैसले की अहम वजह बताया जा रहा है। उनकी लंबे समय से इच्छा थी कि अयोध्या में उनकी अपनी जमीन हो। कीमत तय होते ही उन्होंने अगले ही दिन 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर भी कर दिए। यह उनके लिए पहली बार नहीं है। इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने पास में ही एक और प्लॉट 35 करोड़ रुपये में खरीदा था। अयोध्या में धार्मिक पर्यटन बढ़ने और राम मंदिर जैसे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स आने के चलते, यहा रियल एस्टेट मार्केट में जबरदस्त उछाल दिख रहा है। इसी वजह से अब यह जगह सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि समझदार निवेशकों के लिए भी एक हॉटस्पॉट बन चुकी है।