समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान पर भैंस चोरी करने का आरोप, दर्ज किया गया मुकदमा
क्या है खबर?
समाजवादी पार्टी के नेता और रामपुर से सांसद आजम खान हर दूसरे दिन किसी नई मुसीबत में फंस जाते हैं।
अब उन पर भैंस चोरी करने का आरोप लगा है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसी के साथ आजम खान के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 50 हो गई है।
इनमें जमीन पर कब्जा करने, वक्फ की संपत्ति पर गैर-कानूनी कब्जा और चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं।
शिकायत
अक्टूबर 2016 का है मामला
भैंस चोरी के आरोप में आजम खान पर गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
ये मुकदमा आशिफ और जाकिर अली नामक व्यक्तियों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि 15 अक्टूबर, 2016 को आजम खान पांच अन्य लोगों के साथ उनके घर में घुस आए और घर के अंदर तोड़फोड़ की।
उन्होंने बताया कि आजम और उनके साथी उनके घर से 25,000 रुपये और भैंस चुराकर ले गए।
आरोप
घर की जमीन पर स्कूल बनाना चाहते थे आजम
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आजम खान ने उनसे घर खाली करने को बोला था क्योंकि एक स्कूल के लिए इस जमीन की जरूरत थी।
FIR में शिकायर्ताओं को मकान का किराएदार बताया गया है और उनके पास ये साबित करने के लिए किराए की रसीद भी हैं।
मामले में आजम खान के अलावा पूर्व सर्कल ऑफिसर अलय हसन और चार अन्य के अलावा 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती की धारा के तहत FIR दर्ज की गई है।
गिरफ्तारी की तलवार
कल खारिज हुई थी आजम की अग्रिम जमानत की याचिका
बता दें कि आजम खान के खिलाफ दर्ज 50 मामलों में से 29 मामले रामपुर में जमीन पर कब्जाने से संबंधित हैं।
इनमें से 28 मामलों में अलियागंज के किसानों ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
इन मामलों में अग्रिम जमानत के लिए उन्होंने निचली अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे बुधवार को खारिज कर दिया गया।
इसके बाद से आजम पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
कार्रवाई
आजम की हिस्ट्री शीट खोलने पर विचार कर रही पुलिस
कुछ समय पहले ही रामपुर प्रशासन ने आजम खान को भू-माफिया घोषित किया था।
रामपुर पुलिस भी उनकी हिस्ट्री शीट खोलने पर विचार कर रही है।
हिस्ट्री शीट में एक अपराधी के अपराध का ब्यौरा रखा जाता है और इसे जिले के सभी पुलिस थानों में वितरित किया जाता है।
इससे बड़े अपराधियों पर नजर रखने में पुलिस को मदद मिलती है।
आजम खान अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताते रहे हैं।
विवाद
महिलाओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी के लिए भी मुसीबत में पड़ते रहे हैं आजम
आजम खान महिलाओं पर विवादित टिप्पणियों के लिए भी अक्सर विवादों में रहते हैं।
हाल ही में समाप्त हुए संसद सत्र में उन्होंने लोकसभा की अध्यक्षता कर रहीं भाजपा सांसद रमा देवी पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसे लेकर जमकर हंगामा हुआ था। अंत में आजम ने मामले में माफी मांग ली थी।
इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाषा की सारी मर्यादाएं पार करते हुए भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।