केरलम में दिमाग खाने वाले अमीबा से मौत, जानलेवा संक्रमण का रहस्य गहराया
देश
केरलम में नादेरी के एक ऑटो-रिक्शा चालक बिजू (48) की अमीबिक मेनिंगोएन्सेफेलाइटिस नामक बीमारी से मौत हो गई है। उन्हें इस महीने की शुरुआत में बुखार आया था, जिसके बाद इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें बचाया नहीं जा सका। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत उनके गांव में बचाव के कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बिजू को यह संक्रमण कैसे हुआ।
पूरे राज्य में 155 मामले, 41 मौतें
इस महीने अकेले केरलम में इस दुर्लभ बीमारी के 14 नए मामले और चार मौतें सामने आई हैं। जनवरी से अब तक पूरे राज्य में इस संक्रमण के कुल 155 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 41 लोगों की जान जा चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संक्रमण 'नेगलेरिया फाउलेरी' या 'एकेन्थामीबा' जैसे जीवों के कारण होता है।