न्यूयॉर्क में रहने वाले सेवानिवृत्त वकील अतुल तलवार करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार हुए हैं। ठगों ने खुद को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का अधिकारी बताकर उनसे इतनी बड़ी रकम ऐंठ ली। धोखेबाजों ने तलवार को बताया कि उनका आधार नंबर पहलगाम में हुए एक आतंकी मामले से जुड़ा है। साथ ही, उन्हें डराया कि अगर उन्होंने उनकी बात नहीं मानी तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फर्जी ऑनलाइन सुनवाई के बहाने ठगों ने उनकी निजी जानकारी निकाली और उन्हें अपने सेवानिवृत्ति खाते से करीब 3.80 लाख डॉलर (लगभग 3.16 करोड़ रुपये) निकालने के लिए मना लिया।
तलवार ने दर्ज कराई शिकायत
धोखेबाजों ने तलवार से करीब 1.5 करोड़ रुपये कथित टैक्स बकाया के नाम पर ले लिए। वहीं, बाकी के 2.5 करोड़ रुपये को उन्होंने एथेरियम नाम की क्रिप्टोकरेंसी में बदल दिया। जब 7 नवंबर तक तलवार को उनके पैसे वापस नहीं मिले, तब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने भारत में साइबर पुलिस और अमेरिका में FBI को इस पूरे मामले की जानकारी दी। फिलहाल, इस बड़ी धोखाधड़ी को कैसे अंजाम दिया गया, इसकी जांच चल रही है।