DTU में 'सेवा फर्स्ट चैलेंज' की धमाकेदार शुरुआत, AI आइडिया से 2 करोड़ जीतो
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में 'सेवा फर्स्ट चैलेंज' की धमाकेदार शुरुआत हुई है। यह एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता है, जिसमें देश भर के नौजवानों को अपनी कल्पनाओं को असली प्रोटोटाइप में बदलने का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता में जीतने वालों को कुल 2 करोड़ रुपये का बड़ा इनाम दिया जाएगा। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इस चैलेंज को 19 सितंबर को DTU से शुरू किया। यह 100 दिनों का एक खास प्रोग्राम है। इसका मुख्य लक्ष्य असल दुनिया की परेशानियों का समाधान खोजना है, साथ ही छात्रों और स्टार्टअप्स को ऐसे इनोवेशन करने का अवसर देना है, जिनसे समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सके।
इसमें AI और सामुदायिक इनोवेशन जैसे ट्रैक शामिल
इस प्रतियोगिता में दो तरह के ट्रैक हैं। पहला है राष्ट्रीय स्तर का इनोवेशन, जिसमें AI, रोबोटिक्स और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं। दूसरा है स्थानीय सामुदायिक स्तर का इनोवेशन, जिसमें खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी चीजों पर काम किया जा सकता है। आप स्कूल में हों, कॉलेज में पढ़ रहे हों या फिर इंडस्ट्री या सरकारी नौकरी कर रहे हों, सभी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। आप अपनी टीम बनाकर अपना प्रस्ताव जमा कर सकते हैं। यह चैलेंज पूरे देश में 19 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगा। अगर आपके पास कोई ऐसा आइडिया है जो बदलाव ला सकता है, तो यह आपके लिए बेहतरीन मौका है!