LOADING...
दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर उपराज्यपाल को पत्र लिखा, जानें क्या कहा
दिल्ली में 24 घंटे में 4 हत्याओं के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उपराज्यपाल को पत्र लिखा है

दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर उपराज्यपाल को पत्र लिखा, जानें क्या कहा

लेखन नवीन
Jun 20, 2023
02:03 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि को चिंताजनक बताते हुए उपराज्यपाल वीके सक्सेना को एक पत्र लिखा है। केजरीवाल ने अपने पत्र में घटनाओं का जिक्र करते हुए दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने में विफल रहने के लिए गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल पर कटाक्ष किया। उन्होंने उपराज्यपाल से दिल्लीवासियों की सुरक्षा के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

पत्र

गंभीर अपराधों ने दिल्ली को हिला कर रख दिया है- केजरीवाल

इस पत्र में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पिछले 24 घंटों में दिल्ली में हुई 4 हत्याओं का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल से अपील की है। उन्होंने लिखा, 'दिल्लीवासियों में जीवन की सुरक्षा के बारे में विश्वास बहाल करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं क्योंकि इतने गंभीर अपराधों ने दिल्ली को हिला कर रख दिया है।' केजरीवाल ने राज्यपाल से दिल्ली में कानून का शासन सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव सहयोग की पेशकश की है।

NCRB

केजरीवाल ने NCRB की रिपोर्ट को लेकर किया कटाक्ष

केजरीवाल ने इस पत्र में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की एक रिपोर्ट का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा, "गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल की नींद इन आंकड़ों से खुलनी चाहिए। दोनों ही यहां कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ।" NCRB के अनुसार, भारत के 19 महानगरीय शहरों में महिलाओं के खिलाफ होने वाले कुल अपराधों में से 32.20 प्रतिशत दिल्ली में होते हैं।

Advertisement

चर्चा

केजरीवाल ने रखा चर्चा का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री केजरीवाल का दावा है कि दिल्ली पुलिस में जवानों की कमी के कारण आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। केजरीवाल ने पत्र के माध्यम से कानून-व्यवस्था को लेकर सार्थक चर्चा के लिए अपने कैबिनेट सहयोगियों और उपराज्यपाल के बीच बैठक का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि राष्ट्रीय राजधानी में अपराधों को कम करने के तरीके सुझाने के लिए पुलिस अधिकारियों को विधायकों, पार्षदों और नागरिक संगठनों के साथ संयुक्त बैठकें करने का निर्देश दिया जाए।

Advertisement

अपराध

दिल्ली में हाल में हुई हैं कई हत्याएं

राष्ट्रीय राजधानी में एक के बाद एक कई हत्या की वारदातें हुई हैं। 28 मई को रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में एक नाबालिग लड़की की सरेआम उसके कथित प्रेमी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपी पुलिस हिरासत में है। इसके बाद 18 जून को आरके पुरम में अज्ञात हमलावरों ने 2 बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि इसी दिन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस में एक 19 वर्षीय छात्र की हत्या कर दी गई।

Advertisement