भारत में अब गर्मी से राहत पाने के तरीके में बड़ा बदलाव आने वाला है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का कहना है कि 2035 तक देश में करीब 20 करोड़ नए एयर कंडीशनर लगाए जाएंगे।
जैसे-जैसे शहर फैल रहे हैं और तापमान भी बढ़ रहा है, भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया मिलकर दुनिया के कुल एयर कंडीशनर का लगभग 5वां हिस्सा बन जाएंगे। एयर कंडीशनर की इस भारी-भरकम संख्या का मतलब है कि बिजली की खपत भी बहुत बढ़ जाएगी, जिससे भारत दुनिया में ऊर्जा की मांग बढ़ाने वाले बड़े देशों में शामिल हो जाएगा।
हर साल 6 प्रतिशत बढ़ रही बिजली की मांग
भारत में बिजली की मांग में हर साल 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जो दुनिया के बड़े क्षेत्रों में सबसे तेज रफ्तार है। सड़कों पर गाड़ियों की संख्या बढ़ने और शहरों के तेजी से फैलने की वजह से, ऊर्जा सेक्टर में होने वाला निवेश 2025 के मुकाबले 2035 तक 85 प्रतिशत बढ़ जाएगा।
हालांकि, रिन्यूएबल ऊर्जा (जैसे सौर और पवन ऊर्जा) के स्रोतों का विस्तार हो रहा है, फिर भी इस बढ़ती जरूरत को पूरा करने में कोयले की बड़ी भूमिका रहेगी।