Page Loader
उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी अनूप चंद्र पांडे चुनाव आयुक्त नियुक्त
अनूप चंद्र पांडे चुनाव आयुक्त नियुक्त

उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी अनूप चंद्र पांडे चुनाव आयुक्त नियुक्त

Jun 09, 2021
01:16 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने 1984 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी अनूप चंद्र पांडे को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के रिटायर होने के बाद खाली हुई जगह पर पांडे को नियुक्त किया गया है। अब आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा के अलावा राजीव कुमार दूसरे चुनाव आयुक्त हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके पांडे के 37 सालों का प्रशासनिक अनुभव है।

जानकारी

फरवरी, 2024 को रिटायर होंगे पांडे

चुनाव आयुक्त के पद पर पांडे की तैनाती लगभग तीन सालों के लिए हुई है और वो फरवरी, 2024 में रिटायर होंगे। अगले साल चुनाव आयोग को उत्तर प्रदेश, पंजाब, मणिपुर और गोवा आदि जिलों में विधानसभा चुनाव आयोजित करवाने हैं।

कार्यकाल

2018 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बने थे पांडे

अनूप चंद्र पांडे जून, 2018 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बने थे और अगस्त, 2019 को इस पद से रिटायर हुए। वो उत्तर प्रदेश बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास विभाग के आयुक्त भी रह चुके हैं। इस पद पर रहते हुए उन्होंने एक निवेशक सम्मेलन करवाया था, जिसमें देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस सम्मेलन में शिरकत की थी। इसमें चार लाख करोड़ रुपये के MoU साइन हुए थे।

कार्यकाल

केंद्र सरकार में भी सेवा दे चुके हैं पांडे

इस सम्मेलन के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद पांडे को मुख्य सचिव बनाया गया। 2019 में प्रयागराज में कुंभ मेले का आयोजन उनकी देखरेख में ही हुआ था। अपने कार्यकाल में पांडे राज्य और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं। वो चिकित्सा शिक्षा के प्रमुख सचिव, वित्त आयुक्त भी रह चुके हैं। केंद्र में उन्होंने ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड में बतौर ADG और श्रम मंत्रालय में संयुक्त सचिव के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं।

अधिसूचना

कार्यभार ग्रहण करने के साथ लागू होगी नियुक्ति

चंडीगढ़ में जन्में पांडे ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन करने के बाद मैटेरियल्स मैनेजमेंट में MBA किया था। उन्होंने दर्शनशास्त्र में PhD की हुई है। चुनाव आयुक्‍त के तौर पर पांडेय की नियुक्ति के संबंध में 8 जून को अधिसूचना जारी हुई थी। इसमें कहा गया कि राष्‍ट्रपति संविधान के अनुच्‍छेद 324 के खंड (2) के तहत अनूप चंद्र पांडेय को उस तिथि से निर्वाचन आयुक्‍त के पद पर नियुक्‍त करते हैं, जिस दिन से वह अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।