भारत के एक और जहाज ने पार किया होर्मुज, 44,000 टन LPG लेकर आ रहा मुंबई
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत के लिए एक और खुशखबरी आई है। होर्मुज से भारतीय झंडे वाला एक और जहाज सुरक्षित रूप से निकल गया है। 'ग्रीन सान्वी' नामक इस जहाज पर करीब 44,000 मीट्रिक टन से LPG है। इसके 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की संभावना है। युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज पार करने वाला यह 7वां भारतीय जहाज है। हालांकि, अब भी कई भारतीय जहाज होर्मुज में फंसे हैं।
रास्ता
मुंबई की ओर बढ़ रहा जहाज
जहाज ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, फारस की खाड़ी में खड़ा 'ग्रीन सान्वी' शुक्रवार की शाम को ईरान के समुद्री इलाके से होकर एक कॉरिडोर का इस्तेमाल कर होर्मुज जलडमरूमध्य के पूरब में पहुंच गया है। यह अब मुंबई बंदरगाह की तरफ बढ़ रहा है। जहाज पर जितनी LPG लदी है, वो पश्चिम एशिया युद्ध शुरू होने से पहले भारत की कुल LPG खपत के लगभग आधे दिन के बराबर है।
17 जहाज
17 भारतीय जहाज अभी भी फंसे
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, अब तक भारतीय झंडे वाले 7 जहाजों ने होर्मुज पार किया है। ये सभी LPG टैंकर थे। अब फारस की खाड़ी में भारतीय झंडे वाले 17 जहाज और हैं, जिनमें से दो- ग्रीन आशा और जग विक्रम भी LPG से लदे हुए हैं। ये दोनों जहाज भी जल्द ही भारत की ओर रवाना हो सकते हैं। बता दें कि भारत जहाजों के सुरक्षित पास के लिए ईरान के साथ कई स्तर पर बातचीत कर रहा है।